नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली लोकसभा से कांग्रेस के उम्मीदवार अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) अभी से ही लडना शुरू कर चुकी हैं। इनका क्षेत्र या दिल्ली के विकास से कोई वास्ता नहीं है और ना ही इसके पास विकास का कोई रोडमैप है। लवली ने कहा कि दोनों पार्टियों के उम्मीदवार बाहरी हैं। इनको क्षेत्र के मुद्दे के बारे में जानकारी भी नहीं है।
लवली ने शुक्रवार को क्षेत्र में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जिस तरह दिल्ली में भाजपा और आप ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाकर नौटंकी करके जनता को गुमराह किया है, वो गलत है। जनता उन्हें माफ नहीं करेगी। इसका जवाब जनता इन दोनों पार्टियों को 12 तारीख को कांग्रेस के पक्ष में वोट करके देगी।
उन्होंने जनता से अपील की कि वो अपना वोट कांग्रेस को दें। लवली ने कहा कि कांग्रेस के पास विजन है, साथ ही वो पूर्वी दिल्ली के रहने वाले हैं और यहां की हर समस्या से अवगत हैं और समाधान करने के लिए वचनबद्ध हैं।
लवली ने कहा कि जिस तरह से पूर्वी दिल्ली के भाजपा व आप उम्मीदवार एक दूसरे पर छींटाकसी कर रहे हैं, वो क्षेत्र की जनता के लिए भी अशोभनीय है। उन्होंने कहा कि इन दोनों पार्टियों के पास क्षेत्र के विकास का कोई विजन नहीं है। लवली ने जनता से अपील करते हुए कहा कि वो कांग्रेस के पक्ष में वोट करें और उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं।
भाजपा व आप के पास विकास का विजन नहीं : लवली